झंडा लेकर चल रहा था 12वीं का छात्र, गांव में पसरा मातम
फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम सिरौली में भागवत कथा से पहले निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। झंडा लेकर चल रहे एक किशोर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी 16 वर्षीय अखिलेश प्रजापति पुत्र मुकेश प्रजापति अपने ही परिवार के सुबोध प्रजापति के यहां आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कथा प्रारंभ होने से पहले शनिवार को गांव में श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे।
बताया गया है कि कलश यात्रा के दौरान अखिलेश हरे बांस में झंडा लगाकर सबसे आगे चल रहा था। जैसे ही यात्रा गांव के मंदिर के पास पहुंची, उसी समय झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। तेज करंट लगते ही अखिलेश गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बताया गया है कि अखिलेश इंटरमीडिएट (12वीं) कक्षा का छात्र था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से उसकी मां नारायण देवी, पिता मुकेश प्रजापति और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हुए हैं।
कलश यात्रा के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर की मौत


