35.4 C
Lucknow
Sunday, March 8, 2026

संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक चालक युवक ने फंदा लगाकर दी जान

Must read

फर्रुखाबाद / कमालगंज।थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर में रविवार तड़के एक ट्रक चालक युवक का शव घर के कमरे में अंगौछे से बने फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक को फंदे से उतारकर उसकी जान बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी दिलीप कुमार (30) पुत्र … ट्रक चालक था और बाहर रहकर ट्रक चलाने का काम करता था। बताया गया है कि होली के त्योहार के चलते वह करीब एक सप्ताह पहले ही ट्रक खड़ा कर अपने घर कमालगंज लौट आया था और परिवार के साथ रह रहा था। शनिवार रात दिलीप ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद घर के बरामदे में सो गया। उसके पास ही उसका भांजा अमित भी लेटा हुआ था।
रविवार तड़के करीब तीन बजे अमित लघुशंका के लिए उठा तो उसने देखा कि दिलीप अपने स्थान पर नहीं है। इस पर उसने आसपास खोजबीन शुरू की। खोजते हुए जब वह घर के कमरे में पहुंचा तो वहां दिलीप अंगौछे से बने फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर अमित की चीख निकल गई। शोर सुनकर घर के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में युवक को फंदे से नीचे उतार लिया।
परिजनों ने उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। दिलीप का बड़ा भाई वकील घर पर ही उसे मुंह से सांस देकर जान बचाने की कोशिश करता रहा। काफी देर तक प्रयास किए गए, लेकिन युवक की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद सुबह करीब साढ़े छह बजे परिजन उसे ठेली पर लादकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने जांच के बाद दिलीप को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की घोषणा सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में भी माहौल गमगीन हो गया।
मृतक दिलीप के परिवार में तीन भाई संजय उर्फ बादशाह, वकील और कुलदीप तथा दो बहनें संगीत और मीरा हैं। बताया गया है कि उसका भाई संजय लुधियाना में नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद वह भी घर के लिए रवाना हो गया। युवक की मौत से परिवार के साथ-साथ मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर कस्बा प्रभारी संदीप कुमार गौतम पुलिस टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडेय ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article