क्रासर
घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली 35 वर्षीय महिला की लाश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में छत के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार प्रेमनगर निवासी संजीव की 35 वर्षीय पत्नी ममता का शव रविवार सुबह घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। सुबह जब परिजनों की नजर महिला के शव पर पड़ी तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
बताया गया है कि घटना के समय घर में मौजूद ममता के ससुर और बच्चे छत पर सो रहे थे, जबकि उसकी चार वर्षीय बेटी कमरे में मां के पास ही सो रही थी। सुबह उठने पर घटना की जानकारी होने से परिवार स्तब्ध रह गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए और मौके से जरूरी नमूने लिए।
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
परिजनों के अनुसार ममता की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व संजीव के साथ हुई थी। संजीव और उसके तीन भाई मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। घर पर केवल बुजुर्ग पिता और बच्चे ही मौजूद थे। मृतका की सास श्यामा देवी ने बताया कि वह शादियों में पूड़ी बेलने का काम करती हैं और परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करती हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। ग्रामीण भी इस अचानक हुई घटना से हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रेमनगर में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस


