28 C
Lucknow
Wednesday, April 1, 2026

पैसों के विवाद से परेशान व्यक्ति की मौत, जांच शुरू

Must read

 

चंदौसी के कोतवाली क्षेत्र में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान इरशाद (50) पुत्र हबीब के रूप में हुई है, जो लक्ष्मणगंज सीकरी गेट इलाके का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पिछले कई दिनों से पैसों के विवाद और कथित धमकियों के कारण मानसिक तनाव में था।

बताया जा रहा है कि इरशाद का कस्बे के एक व्यक्ति दानिश के साथ करीब 15-20 दिनों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के बीच कामकाजी संबंध भी थे और इरशाद ने दानिश को कुछ रकम उधार दी थी। आरोप है कि ईद की चांद रात पर पैसे लौटाने का वादा किया गया था, लेकिन समय आने पर रकम वापस नहीं की गई, जिससे विवाद और बढ़ गया।

परिजनों के अनुसार, जब इरशाद ने बार-बार पैसे की मांग की तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि परिजनों का आरोप है कि समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते इरशाद ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।

बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों और पड़ोसियों की मदद से इरशाद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां शाम के समय इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी शबाना ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने दानिश से परेशान होकर यह कदम उठाया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके साथ भी मारपीट की गई थी। वहीं, क्षेत्राधिकारी दीपक तिवारी ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और जांच के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article