लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। मड़ियांव थाना इलाके के भिटौली तिराहे के पास यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट (Yadav Dhaba And Family Restaurant) के मालिक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। 2 युवकों के झगड़े का वीडियो बनाना ढाबा मालिक को भारी पड़ गया। ढाबा मालिक के टोकने पर दोनों युवक वहां से चले तो गए लेकिन 20 मिनट बाद फिर लौटे और ढाबा मालिक के सिर में गोली मारकर फरार हो गए। गोली चलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सैरपुर इलाके के तरहिया निवासी विजय यादव (28) के रूप में हुई। भिटौली तिराहे के पास यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट के मालिक विजय शाम को ढाबे के पास मौजूद थे। तभी बाइक सवार 2 युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। मौके पर पुलिस के अधिकारियों और फील्ड यूनिट ने जांच पड़ताल की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, घटना रविवार शाम 5 बजे की मड़ियांव थाना क्षेत्र की है। विजय यादव रोज की तरह ढाबे पर बैठे थे तभी ढाबे के बाहर कुछ युवक लड़ाई कर रहे थे तो विजय ने विरोध किया। न मानने पर झगड़ा कर रहे युवकों का वीडियो बनाने लगे इसमें से एक युवक उसकी तरफ बढ़ा और वीडियो बनाने से मना किया। विजय के नहीं मानने पर युवक वहां से चले गए। कथित तौर पर इनमें से दो युवक बाद में बाइक से वापस ढाबे पर आए देखते ही देखते एक युवक ने तमंचा निकालकर विजय के सिर में गोली मार दी। घायल ढाबा मालिक को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग वहां पहुंचे। खून से लथपथ विजय को पास के अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। विजय यादव की मां अस्पताल पहुंचीं तो बेटे की हालत देखकर रोने लगीं। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल के बाहर बैठे रहे। इधर, ढाबे के बाहर भी साथी व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। व्यापारियों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि, घटनास्थल ले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक किये जा रहे है, तथा अभियुक्तों की पहचान की जा रही है, एवं शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एडीसीपी नार्थ ट्विंकल जैन ने बताया- विजय के माथे पर गोली लगी है। जिसका इलाज चला रहा है। सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। सर्विलांस सहित पुलिस की 3 टीमें लगी हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। वीडियो में मारपीट करते दिख रहे लड़कों की भी जानकारी की जा रही है। हर एंगल से जांच जारी है। पीड़ित के भाई की द्वारा प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृ कर आवश्यक विधिक कार्यवाही अमल में लायी जी रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।


