संभल में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को इन दिनों केवाईसी अधूरी होने और मोबाइल नंबर बदलने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्हें गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।
बुधवार को कोतवाली क्षेत्र की करीब 10 गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने और केवाईसी अपडेट कराने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग शामिल थे जो कई दिनों से एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ओटीपी न आने की समस्या भी उपभोक्ताओं को लगातार परेशान कर रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में कुल 39 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे करीब 4.5 लाख उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। प्रतिदिन लगभग 13,000 सिलेंडर की बुकिंग और उतनी ही डिलीवरी की जा रही है, जिससे आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, समस्या की मुख्य वजह उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से केवाईसी अपडेट न कराना या मोबाइल नंबर बदल जाना है। ऐसे में बुकिंग और डिलीवरी के लिए जरूरी ओटीपी नहीं मिल पाता, जिससे प्रक्रिया अटक जाती है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी केवाईसी पूरी कराएं और सही मोबाइल नंबर अपडेट करें।
वहीं, स्थानीय उपभोक्ताओं ने एजेंसियों पर अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें बार-बार आने को कहा जा रहा है, जबकि गैस खत्म होने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई उपभोक्ता लगातार कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी सिलेंडर न मिलने से नाराज हैं और जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।


