शाहजहाँपुर। जनपद की तिलहर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे ₹25,000-₹25,000 के दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में कपिल गंगवार और सुनीता गंगवार शामिल हैं, जिन पर अपने ही पति की हत्या का संगीन आरोप है।
घटना साल 2020 की है, जब तिलहर क्षेत्र के निवासी सतीश चंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। विवेचना के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सतीश की पत्नी सुनीता का अपने ही ननदोई कपिल गंगवार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब सतीश को इस रिश्ते का पता चला और उसने विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोप है कि सुनीता और कपिल ने पहले सतीश के खाने में जहर मिलाया और फिर गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे।
पहचान छिपाकर हिमाचल में काट रहे थे फरारी
पुलिस से बचने के लिए दोनों ने शातिराना तरीका अपनाया। वे पहले 2 साल तक नोएडा में छिपे रहे और फिर हिमाचल प्रदेश के बद्दी (सोलन) चले गए। वहां अपनी पहचान छिपाकर कपिल गंगवार एक पब्लिक स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्य करने लगा था।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर, सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। संयुक्त पुलिस टीम ने जाल बिछाया और रविवार (19 अप्रैल 2026) को सुबह करीब 10:30 बजे सरयू पुलिया के पास से दोनों को दबोच लिया।


