– भानु कटियार के आवाहन पर फर्रुखाबाद आने का दिया निमंत्रण
अंबेडकर नगर। राष्ट्रीय महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष राधिका पटेल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने अंबेडकर नगर स्थित सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सामाजिक सरोकारों, महिला सशक्तिकरण तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में भानु कटियार, उनकी पत्नी शिवानी, सूरज गुप्ता (कन्नौज) और पंकज गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर को फर्रुखाबाद आने का आग्रह करते हुए जनपद में आयोजित होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
महिला मंच की अध्यक्ष राधिका पटेल ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रतिनिधिमंडल से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके सुझावों को गंभीरता से सुना और सामाजिक कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न संगठनों की सकारात्मक भागीदारी से जनहित के कार्यों को और मजबूती मिलती है।


