लखनऊ: रायबरेली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पीएम मोदी (PM Modi) और भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए, नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं, BJP-RSS गद्दार हैं, क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी जी, गांधी जी और अंबेडकर जी पर हमला किया है। अब इसे लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को गाली देकर अब कांग्रेस अपनी राजनीति की ‘डूबती नाव’ को कतई नहीं बचा सकती है। प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस का कहा हर अपशब्द उसे उसके अंत की ओर तेजी से ले जा रहा है। लगातार चुनावी हार ने कांग्रेस को इस स्थिति में पहुंचा दिया है कि अब उसे लोकतांत्रिक मर्यादा, राजनीतिक शिष्टाचार और सम्मान से ही चिढ़ होने लगी है।
डिप्टी सीएम ने आगे लिखा कि ‘जिस नेतृत्व ने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया, सीमा पार आतंकवाद को घर में घुसकर जवाब दिया और देश को गौरव के नए शिखर तक पहुंचाया, उसी नेतृत्व को ‘गद्दार’ कहना कांग्रेस की हताशा और विकृत मानसिकता का प्रमाण है। सच यह है कि कांग्रेस को राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की बढ़ती ताकत से ‘सबसे ज्यादा पीड़ा’ होती है। दशकों तक तुष्टीकरण और भ्रष्ट राजनीति करने वाली कांग्रेस अब अपनी डूबती सियासत बचाने के लिए आए दिन ‘जहर उगल’ रही है।’
मौर्य ने कहा कि ‘देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित में किए जा रहे कार्यों पर गर्व करती है और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना भी जानती है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री जी को ‘गद्दार’ कहकर न वह जनता का विश्वास जीत पाएगी और न ही अपनी बची-खुची राजनीतिक जमीन बचा पाएगी. अब कांग्रेस न घर की रह गई है, न घाट की।’


