34 C
Lucknow
Friday, August 14, 2026

डंपर की टक्कर से कांवड़िया की मौत, भाई घायल; हाईवे पर पांच किमी लंबा जाम

Must read

फर्रुखाबाद। राजेपुर क्षेत्र में गांव गांधी के निकट इटावा-बरेली हाईवे पर बृहस्पतिवार रात डंपर की टक्कर से एक कांवड़िया की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। इस दौरान कांवड़ियों की पिटाई से बचकर चालक भीड़ के बीच से निकल गया।
जहानगंज क्षेत्र के गांव गढ़ा खेड़ा से करीब 40 लोगों का जत्था डाक कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ के लिए निकला था। पांचालघाट से गंगाजल लेकर कांवड़िए इटावा-बरेली हाईवे से गुजर रहे थे। गांव गांधी के पास पीछे से आए डंपर ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में गढ़ा खेड़ा निवासी राजेश कुमार के 22 वर्षीय पुत्र शिवकुमार राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। उसका भाई विनय कुमार घायल हो गया।
हादसे से गुस्साए कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर डटे रहे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया।
इसी दौरान कुछ कांवड़ियों ने चालक की पिटाई कर दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। भीड़ का फायदा उठाकर चालक वहां से निकल गया। घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम की सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। देर रात तक हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा और पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही।
परिजनों के अनुसार शिवकुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस चालक की तलाश और घटना की जांच में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article