– पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप
आगरा। रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामले मे पुलिस ने करीब 45 दिन से लापता सुरेंद्र शर्मा का कंकाल उनके ही घर के बाथरूम के फर्श के नीचे से बरामद किया है। मामले में मृतक की पत्नी रूबी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप है।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, आरोप है कि रूबी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के बाथरूम में करीब पांच फीट नीचे गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। आरोप है कि घटना के साक्ष्य मिटाने के लिए बाथरूम का फर्श दोबारा पक्का कराया गया और उस पर नई टाइल्स लगवा दी गईं। इसके बाद घर में सामान्य रूप से बाथरूम का इस्तेमाल किया जाता रहा।
शक से बचने के लिए आरोपी पत्नी ने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर इसे सुरेंद्र शर्मा का कंकाल माना जा रहा है। अंतिम पुष्टि डीएनए परीक्षण और अन्य फोरेंसिक जांच के बाद होगी।
पुलिस ने मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


