देवेश कुशवाहा
फिरोजाबाद। जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत थाना रामगढ़ पुलिस ने एक बाल अपचारी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर असलहा का प्रदर्शन कर रहा था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर नगला गुलरिया इलाके में दबिश दी गई, जहां से बाल अपचारी को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रामगढ़ में आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक तरुण अहलात, उपनिरीक्षक आदित्य चौधरी और कांस्टेबल दीपक कुमार की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध असलहा रखने और सोशल मीडिया पर उसका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।


