फर्रुखाबाद। थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में रविवार को उस समय यातायात व्यवस्था बाधित हो गई, जब मऊ दरवाजा से पचपुखरा होते हुए बघार जाने वाले मार्ग पर स्थित अंडरपास में एक ट्रक अचानक खराब हो गया। ट्रक के अंडरपास में ही खड़े हो जाने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया गया है कि अंडरपास संकरा होने के कारण ट्रक के खराब होते ही मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे बाइक, कार और अन्य वाहनों का आवागमन रुक गया। जाम लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल व्यवस्था बनाते हुए खराब ट्रक को रास्ते से हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस की मदद से ट्रक को अंडरपास से बाहर करवाया गया।
ट्रक हटने के बाद यातायात पुलिस ने दोनों ओर खड़े वाहनों को क्रमवार निकलवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम खुल गया और मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक के खराब होने से कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी थी, जिसे पुलिस टीम की मदद से जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस द्वारा यातायात को सुचारू कराने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
अंडरपास में ट्रक खराब होने से लगा जाम, यातायात प्रभारी ने हटवाकर बहाल कराया आवागमन


