लखनऊ| ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमले के बाद लखनऊ समेत आसपास के जिलों में हजारों परिवारों की चिंता बढ़ गई है। राजधानी लखनऊ के सवा लाख से अधिक लोग ईरान, ओमान, बहरीन, मस्कट, रियाद, दुबई, रसअलखेमा और शारजाह जैसे खाड़ी देशों में मौजूद हैं। ईरान का एयरस्पेस बंद होने से उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसके चलते बड़ी संख्या में फ्लाइटें निरस्त कर दी गई हैं। इससे वहां रह रहे लोग वतन वापसी को लेकर परेशान हैं और लगातार ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क कर मदद की गुहार लगा रहे हैं।
लखनऊ की एयरवॉक ट्रैवल एजेंसी के संचालक आतिफ के अनुसार इस समय खाड़ी देशों में लखनऊ के सवा लाख से ज्यादा लोग हैं। लखनऊ एयरपोर्ट से हर सप्ताह करीब 115 उड़ानें खाड़ी देशों के लिए संचालित होती हैं। इन उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ के अजीत हैदर, जो दो दिन पहले ही विदेश गए थे, हमले के बाद से ही वापसी को लेकर चिंतित हैं और परिवार से लगातार संपर्क में हैं।
हर महीने लखनऊ से 700 से 800 लोग जियारत के लिए ईरान जाते हैं। ईरान के लिए सीधी उड़ान न होने के कारण अधिकांश यात्री दिल्ली और दुबई के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट से पहुंचते हैं। खाड़ी देशों में जाने वाले करीब 90 प्रतिशत लोग कामगार हैं, जबकि शेष 10 प्रतिशत पर्यटक या अन्य कार्यों से जाते हैं।
लखनऊ के अलावा गोंडा और अंबेडकरनगर जिलों में भी स्थिति को लेकर चिंता का माहौल है। गोंडा के शास्त्रीनगर तोपखाना मोहल्ले के एक परिवार के कई सदस्य ईरान में रह रहे हैं। व्यवसायी शबाहत हुसैन के छोटे भाई फसाहत हुसैन अपने परिवार के साथ ईरान में ही हैं। अंबेडकरनगर जिले के भी 100 से अधिक परिवारों के सदस्य विभिन्न शहरों में रह रहे हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित हैं।
शनिवार को दुबई का एयरस्पेस बंद किए जाने के बाद लखनऊ से दम्माम, मस्कट समेत खाड़ी देशों के सात गंतव्यों के लिए आने-जाने वाली 17 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इनमें इंडिगो की उड़ानें सबसे अधिक प्रभावित रहीं। लखनऊ से दम्माम जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-097 के साथ कनेक्टिंग उड़ानें 6ई-083, 6ई-081, 6ई-082 और 6ई-084 निरस्त रहीं, जबकि दम्माम से लखनऊ आने वाली 6ई-098 भी रद्द कर दी गई। एअर इंडिया की एआई-2250, लखनऊ से रियाद जाने वाली इंडिगो की 6ई-053 और 6ई-071 तथा रियाद से लखनऊ आने वाली 6ई-054 और 6ई-072 भी संचालित नहीं हो सकीं।
इसके अलावा मस्कट, रसअलखैमा और शारजाह की कनेक्टिंग उड़ानें भी निरस्त रहीं। अमौसी एयरपोर्ट से किशनगढ़ और झारसुगड़ा के बीच चलने वाली स्टार एयर की चार उड़ानें भी परिचालन संबंधी कारणों से रद्द कर दी गईं।
उड़ानों के अचानक निरस्त होने से यात्रियों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवारजन केंद्र सरकार से सुरक्षित निकासी और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, ताकि खाड़ी देशों में फंसे लोगों की शीघ्र और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।






