रक्षाबंधन पर्व पर डॉग स्क्वाड भी रहा मुस्तैद
फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की गई। पुलिस की टीमों ने यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या रेलवे प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश मीणा मय फोर्स तथा फर्रुखाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह गहलोत के साथ संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में सुरक्षा अभियान चलाया। अभियान में महिला आरक्षियों के साथ डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता भी शामिल रहा।
संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, बुकिंग हॉल, ओवरब्रिज, वेटिंग एरिया समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर सघन चेकिंग की। इस दौरान यात्रियों और वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। टीमों ने स्टेशन परिसर में लावारिस अथवा संदिग्ध दिखाई देने वाली वस्तुओं को भी गंभीरता से जांचा।
सुरक्षा टीमों ने स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों से उनके सामान के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की। यात्रियों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए सामान को अपने पास न रखें और अपना सामान किसी के भरोसे छोड़कर न जाएं। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल जीआरपी पुलिस अथवा रेलवे प्रशासन को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संयुक्त चेकिंग के दौरान पुलिस बल ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। अचानक हुई इस सघन जांच से स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए सतर्कता का माहौल बना रहा।


