21.5 C
Lucknow
Friday, September 25, 2026

शंख एयरलाइंस के कार्यालय पर आयकर विभाग की छापेमारी

Must read

 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार को शंख एयरलाइंस के कार्यालय पर छापेमारी की। गोमतीनगर विस्तार के वरदान खंड स्थित शंख टावर में बने कंपनी के तीन मंजिला कार्यालय में अचानक पहुंची आयकर विभाग की टीम ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान कंपनी के प्रबंध निदेशक श्रवण विश्वकर्मा के कार्यालय में भी अधिकारियों ने पूछताछ की।

बताया गया कि आयकर विभाग की टीम ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद टीम ने कंपनी के वित्तीय दस्तावेज, बैंक खातों से जुड़े विवरण, लेनदेन और आय के स्रोतों से संबंधित अभिलेखों की जांच शुरू की। कार्यालय में कई घंटे तक अधिकारियों की मौजूदगी बनी रही।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की कार्रवाई कंपनी की वित्तीय गतिविधियों और कर संबंधी मामलों की जांच से जुड़ी बताई जा रही है। अधिकारी यह भी पड़ताल कर रहे हैं कि एयरलाइंस के संचालन और विस्तार के लिए जुटाई जा रही धनराशि का स्रोत क्या है तथा विभिन्न वित्तीय लेनदेन का स्वरूप क्या रहा है।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कंपनी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों को खंगाला। कार्रवाई को लेकर आसपास के व्यावसायिक परिसरों में भी हलचल रही। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई के कारणों और जांच के निष्कर्ष को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही वित्तीय अनियमितता या कर संबंधी किसी उल्लंघन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article