फतेहपुर
जिला क्षय रोग परिसर के अंदर बने रेडक्रॉस सोसायटी के नए भवन का लोकार्पण उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री पाठक ने विपक्ष पर जमकर हमला बोलते हुए राजनीतिक बयानबाजी की और पार्टी की चुनावी तैयारियों पर जोर दिया।
पाठक ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने का दावा किया और स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव तय समय पर ही होंगे। उन्होंने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है, लेकिन भाजपा पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब विपक्ष जीतता है तो ईवीएम को सही मानते हैं, लेकिन हारने पर इसे खराब करार दे देते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तंज कसा और कहा कि उनका नारा था ‘समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लाट हमारा है’, बावजूद इसके प्रदेश की जनता ने उन्हें बार-बार सत्ता में लाने का अवसर दिया, लेकिन वे सफल नहीं हुए। कांग्रेस और गांधी परिवार पर भी निशाना साधते हुए पाठक ने कहा कि सत्ता कोई वसीयत नहीं है, बल्कि जनता तय करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल जाति और धर्म के आधार पर वोट मांगती है, जबकि भाजपा विकास और काम के आधार पर जनता से समर्थन मांगती है। चुनाव नजदीक आते ही सपा और कांग्रेस ‘मेंढक की तरह’ बाहर आकर फुदकने लगते हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उनकी सरकार में हर वर्ग के लिए समान कार्य हुआ और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। वहीं, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने भाजपा की समावेशी नीतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, पूर्व विधायक आदित्य पांडेय, पूर्व विधायक करन सिंह पटेल सहित तमाम नेता और जिले के डीएम व एसपी भी मौजूद रहे।


