लखनऊ/देवरिया। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। देवरिया में आयोजित सामाजिक समरसता रैली में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के चार हिस्से होंगे। उनका कहना है कि यदि पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो वहां राजभर समाज का बेटा पहला मुख्यमंत्री बनेगा।
राजभर ने उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल, मध्यांचल, बुंदेलखंड और हरित प्रदेश के रूप में चार हिस्सों में बांटने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग राज्य की मांग पहले से उठती रही है, जबकि मध्यांचल और पूर्वांचल को भी अलग राज्य बनाने की मांग है।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पूर्वांचल के कई जिलों और मंडलों में राजभर समाज की बड़ी आबादी है। उनके अनुसार, पूर्वांचल के अलग राज्य बनने की स्थिति में गठबंधन की राजनीति में राजभर समाज के नेतृत्व का दावा मजबूत रहेगा।
राजभर ने अपने बयान में जातीय जनगणना और अन्य पिछड़ा वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण में हिस्सेदारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरक्षण में वर्गीकरण की मांग दोहराते हुए कहा कि पिछड़े वर्गों के विभिन्न समुदायों को उनकी आबादी के अनुपात में अवसर मिलना चाहिए।


