लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदिरानगर इलाके में शादी के 5 महीने बाद ही नवविवाहिता (newlywed) का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची छानबीन में जुटी गई, इसके साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुताबिक, फ्लाइट से कश्मीर न जा पाने से आहत कमलाकांत मिश्र की पत्नी सोनाली ने आत्महत्या कर ली। मृतका सोनाली के भाई ने कमलाकांत व उनके परिवार वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, सोनाली मूलरूप से बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थीं। बिहार के भोजपुर निवासी कमलाकांत से सोनाली की शादी करीब चार माह पहले 26 फरवरी को हुई थी। कमलाकांत लखनऊ के इंदिरानगर इलाके के शिवाजी पुरम में किराये के मकान में रहते हैं और निजी बैंक में मैनेजर हैं। मृतका के पति कमलकांत ने बताया कि नौकरी के कारण वे पत्नी के साथ हनीमून पर नहीं जा पाए थे। एक माह पहले उन्होंने फ्लाइट से कश्मीर जाने का प्लान बनाया और टिकट भी बुक कराया था। सोनाली 28 जून को लखनऊ आ गई थीं। शुक्रवार को उन्होंने फ्लाइट की टिकट केंसल कर ट्रेन का टिकट बुक करवा दिया। इस पर सोनाली नाराज हो गईं और पति-पत्नी में झगड़ा हुआ।
रविवार को दोनों को ट्रेन से कश्मीर जाना था लेकिन शनिवार को उन्होंने सोनाली को ट्रेन का टिकट व्हाट्सएप किया। उन्होंने कई कॉल किए, पर सोनाली ने फोन नहीं उठाया। उन्होंने मकान मालिक को फोन कर पत्नी का हाल जानने के लिए कहा। मकान मालिक को कमरे का दरवाजा भीतर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने घर आकर दरवाजा तोड़ा तो सोनाली फंदे से लटकी मिलीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी होने पर बिहार से लखनऊ पहुंचे सोनाली के भाई अभिषेक ओझा ने बताया कि ससुराल वाले दहेज में कार की मांग करते थे। उन्होंने सास, ससुर, ननद और पति पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षण इंदिरानगर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मायके वालों की तहरीर पर पति व परिवार के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदा लगाने से मौत की पुष्टि हुई है। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।


