31 C
Lucknow
Thursday, May 14, 2026

तेज रफ्तार और झपकी बनी हादसे की वजह: बाइक सवार दंपत्ति बच्चों सहित खड्ड में गिरे, महिला गंभीर

Must read

शमशाबाद। थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा उस समय हो गया, जब रिश्तेदारी से दावत खाकर लौट रहा एक बाइक सवार परिवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा गिरा। हादसे में बाइक चालक घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बच्चों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर बैरागर निवासी राजीव कुमार अपनी पत्नी संगीता और बच्चों के साथ शाहजहांपुर जनपद के ग्राम सैनी खेड़ा में एक रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद गुरुवार को पूरा परिवार बाइक से वापस शमशाबाद लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि ढाई घाट-शमशाबाद मार्ग पर गंगा पुल से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम चौरा हार के पास पहुंचते ही अचानक बाइक चालक को झपकी आ गई। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने शोर सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर खड्ड में गिरे दंपत्ति और बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार, बाइक चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि उसकी पत्नी संगीता की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। बच्चों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता की जरूरत को उजागर किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि थकान या नींद की हालत में वाहन चलाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article