राजेपुर (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव डबरी निवासी सहकारिता विभाग के सेवानिवृत्त सचिव जगन्नाथ वर्मा (70 वर्ष) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। 19 अक्टूबर को बाइक सवार जगन्नाथ को पीछे से कार सवार ने टक्कर मार दी थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 21 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ वर्मा पुत्र स्वर्गीय रामेश्वर वर्मा निवासी डबरी, थाना राजेपुर, 19 अक्टूबर को अपनी मोटरसाइकिल से निबिया जा रहे थे। जब वे निबिया चौराहा पहुंचे, तभी अल्लाहगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जगन्नाथ वर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत जगन्नाथ को लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान 21 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि जगन्नाथ वर्मा करीब 10 वर्ष पूर्व सहकारिता विभाग में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे अपने परिवार के साथ गांव डबरी में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी शांति देवी और छह पुत्र — मुनेश्वर, राहुल, श्याम सिंह, सत्येंद्र सिंह, अमन और शिवम शामिल हैं।
हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस फरार कार चालक की जल्द से जल्द पहचान कर कार्रवाई करे। वहीं, राजेपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।






