फर्रुखाबाद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि रविदास जी की पावन कलश यात्रा गुरुवार को बनारस से जनपद फर्रुखाबाद पहुंची। कमालगंज में भाजपा जिला अध्यक्ष फतेह चंद वर्मा के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेह चंद वर्मा ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से पवित्र मिट्टी एकत्रित कर कलश में भरकर जनपद फर्रुखाबाद लाई गई है। यह कलश यात्रा जिले की सभी विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक मंडल में पहुंचेगी तथा सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को संत रविदास जी के समतामूलक विचारों और उनके संदेश से जोड़ने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के जीवन-दर्शन और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला महामंत्री गोपाल राठौर, पूर्व जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, कमालगंज मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा, खिमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, डॉ. उदय प्रताप सिंह, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, अभिषेक बाथम, कार्यक्रम संयोजक वीरेन्द्र कठेरिया, मनोज गंगवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


