– ककरहा के चर्च से बाइबिल, धार्मिक सामग्री व अंगूर का जूस बरामद
कन्नौज। ठठिया थाना पुलिस ने बहला-फुसलाकर और प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने के गंभीर आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 दिसंबर को अन्नू बाबू पुत्र शिवमंगल सिंह निवासी ग्राम लोहामड़, थाना तिर्वा ने एक प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि ग्राम करसाह में पन्ना लाल, विधा सागर और उमा शंकर दोहरे (पुत्रगण रामस्वरूप दोहरे) हिंदू धर्म के लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म में परिवर्तित कराने का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायत के आधार पर थाना ठठिया में तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3 एवं 5(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद मामले की गहराई से जांच करते हुए पुलिस ने तीनों नामजद—पन्ना लाल, विधा सागर और उमा शंकर—को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान ठठिया पुलिस को ककरहा में बने एक चर्च से 20 बाइबिल, ईसाई धर्म से संबंधित लॉकेट, स्लोगन और अंगूर के जूस की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार यह भी जानकारी मिली है कि बरामद अंगूर का जूस धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भक्तों को पिलाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि पन्ना लाल पादरी की भूमिका निभाता था, जबकि उमा शंकर और विधा सागर उसकी मदद करते थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


