प्रतापगढ़| मानिकपुर थाने में चोरी के आरोप में पूछताछ के लिए लाए गए युवक शिवम सिंह (22) ने गुरुवार भोर थाने के अंदर ही धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया। घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
युवक 17 अक्टूबर से लापता था और उसके परिवार को पांच दिन तक यह जानकारी नहीं थी कि वह थाने में है। शिवम की मां सावित्री देवी ने कई बार पुलिस से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कुछ पता नहीं चला।
घटना के बाद एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने मानिकपुर थानाध्यक्ष दीप नारायण को तत्काल निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए। साथ ही, सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता को यह जांच सौंपी गई कि युवक तक धारदार हथियार कैसे पहुंचा और उसे थाने में पांच दिन तक क्यों रखा गया।





