खेत में काम करते समय हादसा, दो बेटे झुलसे; सीएचसी में कराया गया भर्ती
हरदोई। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे किसान पर अचानक बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना अरवल थाना क्षेत्र के खैरुदीनद्दीपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार किसान अपने दोनों बेटों के साथ खेत में काम कर रहा था, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उसके दोनों बेटे झुलसकर घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।


