फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक रीता वर्मा ने टीम के साथ अमृतपुर, पिथनापुर और रतनपुर पामरान स्थित कम्पोजिट एवं देशी मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान उपलब्ध मदिरा का रिकॉर्ड से मिलान किया गया और संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए।


