लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और चुनाव प्रणाली को लेकर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए समाजवादियों को “मल्टीलेयर इलेक्शन माफियाओं” से लड़ना होगा। शनिवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली हो रही है और संवैधानिक संस्थाओं की साख बचाने के लिए जनता को एकजुट होकर मुकाबला करना पड़ेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्पष्ट मांग है कि देश में फिर से बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका, इंग्लैंड और जर्मनी जैसे देशों में बैलेट से वोटिंग होती है तो भारत में भी उसी व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ईवीएम और चुनावी व्यवस्था का दुरुपयोग कर रही है। अखिलेश ने कहा, “साल लगे या सदी, समाजवादी ईवीएम हटाकर रहेंगे।”
उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए जनता की जेब काट रही है। बिजली नहीं आती, लेकिन स्मार्ट मीटर लगातार चलता रहता है। उन्होंने दावा किया कि यदि स्मार्ट मीटर को रिमोट से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि 2022 विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे गए थे और वोटों में हेरफेर किया गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को शपथपत्रों के साथ शिकायतें दी थीं, लेकिन किसी भी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई। अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी पार्टी अपने स्तर पर पूरे प्रदेश में वोटर लिस्ट की जांच कर रही है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहे हैं। एनसीआरबी के आंकड़े खुद इसकी पुष्टि करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का “जीरो टॉलरेंस” सिर्फ नारा बनकर रह गया है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छात्राओं की केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त की जाएगी और कैंसर का इलाज निशुल्क होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने हजार करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान बनाया था, जिसे और बेहतर किया जाएगा। साथ ही 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा भी दोहराया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद समाजवादी पार्टी मुख्यालय में महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अखिलेश यादव ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और घोषणा की कि सपा सरकार बनने पर गोमती रिवर फ्रंट पर चेतक के साथ महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसमें सोने का भाला लगाया जाएगा। उन्होंने महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का अवकाश घोषित करने का भी वादा किया।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में “पश्चिम बंगाल वाली कहानी” नहीं दोहरा पाएगी। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और जनता के सहयोग से भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।


