शाहजहांपुर। शहर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। दोपहर करीब 11 बजे पक्का पुल क्षेत्र में नो एंट्री के बावजूद एक बड़ा वाहन बेखौफ होकर गुजर गया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर यातायात पुलिस का सिपाही भी मौजूद था, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि यही गलती किसी आम या गरीब व्यक्ति की बाइक से होती, तो मौके पर ही 2 हजार रुपये का चालान काट दिया जाता। लेकिन भारी वाहन के खिलाफ कोई कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि यह वाहन किसी रसूखदार व्यक्ति का रहा होगा, इसलिए नियमों को नजरअंदाज कर दिया गया। इस घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। एक तरफ पुलिस सख्ती का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम नियमों का उल्लंघन होते हुए भी कार्रवाई नहीं होती।
लेकिन ऐसे मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कानून का डर सभी के लिए बराबर बना रहे और आम जनता का भरोसा कायम रह सके।


