जम्मू| रविवार तड़के जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर भारतीय सीमा में घुसे एक पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सेना ने फायरिंग कर खदेड़ दिया। ड्रोन कुछ देर तक दिगवार इलाके में मंडराता रहा और बाद में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की ओर लौट गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजकर 10 मिनट पर सेना के जवानों ने संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखी। इसके बाद उसे मार गिराने के लिए एक दर्जन से अधिक राउंड फायर किए गए। हालांकि ड्रोन गोलियों से बच निकला और सीमा पार वापस लौट गया।
यह पिछले तीन दिनों में दूसरी बार है जब पुंछ सेक्टर में सीमा पार से ड्रोन गतिविधि देखी गई है। इससे पहले 27 फरवरी को भी इसी क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलीबारी की गई थी।
घटना के बाद सेना ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन द्वारा किसी प्रकार के हथियार, गोला-बारूद या नशीले पदार्थों की एयरड्रॉपिंग तो नहीं की गई। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और सीमा क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।






