33.3 C
Lucknow
Thursday, July 30, 2026

सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त डीएम,ब्लैक स्पॉट सुधारने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

Must read

 

फर्रुखाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का चिन्हीकरण कर वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने, मानकों के अनुरूप सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए हाईवे किनारे स्थित नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। उन्होंने परिवहन विभाग, पुलिस विभाग और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त रूप से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्कूलों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा विषयक प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम और विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित हो सके।
जिलाधिकारी ने दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में “गोल्डन आवर” के दौरान त्वरित उपचार कई लोगों की जान बचा सकता है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article