19 C
Lucknow
Friday, February 13, 2026

आजीविका मिशन की बैठक में जिलाधिकारी के सख्त निर्देश, हर ब्लॉक में प्रेरणा कैंटीन व समूह उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

Must read

फर्रुखाबाद: जनपद स्तरीय आजीविका मिशन क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक जिलाधिकारी (District Magistrate) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों (various departments) के अधिकारियों को मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपेक्षित सहयोग सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आजीविका मिशन के माध्यम से अधिक से अधिक लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के पात्र लाभार्थियों को समूहों से जोड़ें, ताकि उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित जनपद संग्रहालय में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बिक्री के लिए प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, जिससे समूहों को स्थायी बाजार उपलब्ध हो सके।

इसके साथ ही प्रत्येक प्रमुख विभागीय कार्यालय एवं आवश्यकता वाले प्रमुख स्थलों पर ‘प्रेरणा कैंटीन’ खोले जाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक विकास खंड में समूह उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रेरणा कैंटीन की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत समूह सदस्यों की आय बढ़ाने के लिए सभी विभागों को अपनी-अपनी योजनाओं से उन्हें आच्छादित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

विद्युत सखियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए विद्युत विभाग को भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार श्रीमती सुषमा देवी, परियोजना निदेशक कपिल कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी तथा जिला एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article