फर्रुखाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री यमुना प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पांचालघाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर पुलिस बल की ड्यूटी, बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती, गोताखोरों की उपलब्धता तथा भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्थाओं को परखा गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि किसी आकस्मिक घटना अथवा आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य कितनी तत्परता से संचालित किए जा सकते हैं।
डीआईजी एवं एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घाटों पर लगातार सतर्क निगरानी बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
अधिकारियों ने जल पुलिस एवं स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा घाटों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय एवं तैयार रखी जाएं।


