सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बगियागांव चौराहे के पास स्थित मियागंज बाजार में एक घर में हुए जोरदार विस्फोट से छत उड़ गई और आसपास के मकानों में भी दरारें पड़ गईं। इस हादसे में 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि कोतवाली से 500 मीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 4:40 बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देखा गया कि स्थानीय निवासी नजीर के घर की छत पूरी तरह उड़ गई थी और अंदर से लगातार छोटे-छोटे धमाके हो रहे थे।
सूचना मिलते ही 108 और 102 एम्बुलेंस की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया। घायलों में नजीर (65), उनकी पत्नी जमातुल निशा (62), बेटे नूर मोहम्मद (25), सुहैल (17), सदा (12), खुशी (15), सहाना (20) के अलावा पड़ोसी अब्दुल हमीद के परिवार के सदस्य फैजान (8) और कैफ (22) शामिल हैं।
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अब्दुल हमीद के मकान की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नजीर पहले आतिशबाजी (गोला बनाने) का काम करता था, लेकिन वर्तमान में उसका लाइसेंस निरस्त था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने मियागंज बाजार के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है और विस्फोट के कारणों की जांच जारी है।




