फर्रुखाबाद| बुधवार आधी रात 12 बजते ही मसीह समाज प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस के जश्न में पूरी तरह डूब गया। शहर का सीएनआई बढ़पुर चर्च रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठा, जहां “मैरी क्रिसमस” की गूंज और लोगों के चेहरों पर खुशी व उल्लास साफ नजर आया। चर्च परिसर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रात करीब 11 बजे से ही सीएनआई बढ़पुर चर्च में विशेष प्रार्थना सभा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे थे। जैसे-जैसे समय बीतता गया, श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली गई। प्रार्थना सभा का संचालन पादरी मनोज कुमार ने किया। उन्होंने पवित्र बाइबिल से प्रभु यीशु मसीह के वचनों का पाठ किया और क्रिसमस के महत्व पर प्रकाश डाला। पादरी मनोज कुमार ने कहा कि क्रिसमस केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह प्रेम, त्याग, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और मेल-मिलाप को अपनाने का आह्वान भी किया।
प्रार्थना सभा के दौरान देश-दुनिया में शांति, भ्रष्टाचार के अंत और मानवता को मजबूत करने के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। कई दिनों की तैयारियों के बाद आई इस पावन रात में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरों पर खुशी और उमंग साफ झलक रही थी। चर्च परिसर में उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा था।
चर्च में सांता क्लॉज की वेशभूषा में लोग बच्चों को टॉफी और चॉकलेट बांटते नजर आए। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग एक-दूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की शुभकामनाएं देते रहे। चर्च को रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। प्रार्थना में शामिल श्रद्धालु भी विशेष परिधानों में सजे-धजे नजर आए, जिससे माहौल और भी उत्सवपूर्ण हो गया।
रात 12 बजते ही मसीह समाज ने सामूहिक रूप से क्रिसमस का केक काटा और प्रभु यीशु के जन्मोत्सव का हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया। इस दौरान मसीही गीतों की मधुर धुनें गूंजती रहीं और प्रभु यीशु की आराधना के साथ धन्यवाद प्रार्थना भी की गई। पूरे वातावरण में शांति, श्रद्धा और आनंद का भाव व्याप्त रहा।
क्रिसमस समारोह को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चर्च परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के सफल और सुरक्षित संपन्न होने पर मसीह समाज के लोगों ने प्रशासन का भी आभार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here