लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी व्यवस्था के जरिए दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे 11 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया, जबकि एक अभ्यर्थी जूते में मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र पहुंचा, जिसे तत्काल हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के एकीकृत नियंत्रण कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। संदिग्ध गतिविधियां सामने आते ही तत्काल कार्रवाई की गई। प्रथम पाली में नौ फर्जी परीक्षार्थी तथा एक मोबाइल के साथ पकड़ा गया, जबकि द्वितीय पाली में दो अन्य फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार किए गए।
दोनों पालियों में कुल 8,07,709 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,51,321 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार उपस्थिति 93.01 प्रतिशत रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.70 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की 93.36 प्रतिशत दर्ज की गई।
आयोग ने बताया कि तीन दिवसीय परीक्षा का अंतिम चरण 4 जुलाई को भी इसी तरह एआई आधारित निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच कराया जाएगा। अभ्यर्थियों से केवल आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की गई है।


