– हर राउंड पर सियासी धड़कन होगी तेज
कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में आज मतगणना का दिन पूरे राज्य की राजनीति के लिए निर्णायक साबित होने जा रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच सुबह से ही वोटों की गिनती शुरू होगी । प्रशासन ने सभी काउंटिंग केंद्रों को संवेदनशील घोषित करते हुए हाई अलर्ट पर रखा है।
सुबह निर्धारित समय पर स्ट्रॉन्ग रूम खोले गए, जहां पिछले दिनों से ईवीएम मशीनों को 24 घंटे सुरक्षा में रखा गया था। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस की मौजूदगी में मशीनों को काउंटिंग हॉल तक पहुंचाया गया। हर मूवमेंट की वीडियोग्राफी कराई जा रही है ताकि किसी भी स्तर पर पारदर्शिता पर सवाल न उठ सके।
मतगणना प्रक्रिया तय दिशा-निर्देशों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से चल रही है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू होगी , जिसमें सरकारी कर्मचारियों और ड्यूटी पर लगे कर्मियों के वोट शामिल हैं। इसके बाद ईवीएम के राउंड शुरू किए जायेंगे । हर राउंड के बाद परिणाम शीट तैयार की जाएगी, और उम्मीदवारों के एजेंटों की मौजूदगी में सत्यापन कराया जायेगा।
चुनाव आयोग ने इस बार विशेष सतर्कता बरतते हुए हर टेबल पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। इसके साथ ही पूरे काउंटिंग हॉल में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाइव निगरानी की जा रही है। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति नहीं है और हर एंट्री पॉइंट पर सख्त चेकिंग की जा रही है।
संवेदनशीलता को देखते हुए काउंटिंग केंद्रों के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग की गई है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व फोर्स भी तैयार रखी गई है।
राज्यभर में राजनीतिक माहौल गरम है। प्रमुख दलों के कार्यालयों में सुबह से ही हलचल तेज है और कार्यकर्ता टीवी स्क्रीन और मोबाइल अपडेट्स पर नजरें टिकाए हुए हैं। शुरुआती रुझानों को लेकर उत्साह और बेचैनी दोनों साफ नजर आ रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मतगणना की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर चुनाव आयोग की साख टिकी हुई है। हाल के दिनों में चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों के बीच यह काउंटिंग एक अहम परीक्षा मानी जा रही है।
अब पूरे राज्य की नजरें हर राउंड के नतीजों पर टिकी हैं।
पश्चिम बंगाल में काउंटिंग डे: सख्त सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती आज


