शाहजहांपुर। जनसमस्याओं के समाधान का केंद्र बना कलेक्ट्रेट परिसर इन दिनों खुद अव्यवस्था का शिकार हो गया है। हालात यह हैं कि परिसर अब कार स्टैंड में तब्दील होता नजर आ रहा है। जहां-तहां खड़ी चारपहिया गाड़ियां न सिर्फ रास्ता घेर रही हैं, बल्कि फरियादियों की मुश्किलें भी बढ़ा रही हैं। कलेक्ट्रेट में रोजाना सैकड़ों लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं, लेकिन अंदर दाखिल होते ही उन्हें जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। अव्यवस्थित पार्किंग के चलते रास्ते इतने संकरे हो गए हैं कि पैदल निकलना भी दूभर हो रहा है। बाइक सवारों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि कई बार अधिकारियों की गाड़ियां भी फंस जाती हैं, जिससे कामकाज पर भी असर पड़ता है। परिसर में कोई स्पष्ट पार्किंग व्यवस्था या नियंत्रण नजर नहीं आता, जिससे जो जहां जगह पा रहा है, वहीं वाहन खड़ा कर दे रहा है। फरियादियों का कहना है कि जब शिकायत लेकर आने में ही इतनी परेशानी हो, तो न्याय की उम्मीद कैसे की जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था कराई जाए और अनियंत्रित खड़े वाहनों पर सख्ती बरती जाए, ताकि आवागमन सुचारु रह सके।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार कब तक इस अव्यवस्था पर आंखें मूंदे रहते हैं, या फिर फरियादियों को राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कदम उठाया जाता है।


