35 C
Lucknow
Tuesday, May 26, 2026

सीएम योगी ने गंगा आरती के साथ 400 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

Must read

 

प्रयागराज। योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम के नए हॉल का उद्घाटन किया और करीब 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी संगम पहुंचकर मां गंगा की आरती भी की और प्रदेश के विकास तथा समृद्धि की कामना की।नगर निगम कार्यकारिणी के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज को “दिव्य और भव्य महाकुंभ” की पहचान वाला शहर बताते हुए कहा कि अब यह शहर देश-दुनिया में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि 45 दिनों तक चले महाकुंभ में 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रयागराज की पहचान गंदगी, अराजकता और अव्यवस्था से होती थी, लेकिन अब शहर विकास, स्वच्छता और सुरक्षा का मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि 2019 के कुंभ आयोजन को यूनेस्को ने सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दी थी और आने वाले वर्षों में प्रयागराज विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में उभरेगा।मुख्यमंत्री ने नगर निगम और महापौर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि 61 वर्ष पुरानी नगर निगम बिल्डिंग को आधुनिक और भव्य स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि “हम रुके नहीं हैं, मां गंगा की निर्मलता और अविरलता की तरह विकास की गति लगातार आगे बढ़ रही है।”
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि पहले अक्षय वट के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए संभव नहीं थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2019 में इसे श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। उन्होंने महर्षि भरद्वाज पार्क के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने के कार्यों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था पर भी जोर देते हुए कहा कि नौ साल पहले प्रयागराज में भय, आतंक और माफियागर्दी का माहौल था, लेकिन आज शहर गुंडागर्दी और अपराध से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब बहन-बेटियां किसी भी समय निडर होकर बाहर निकल सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article