– 12 दिसंबर को फतेहगढ़ में होगा कार्यक्रम, सुरक्षा-सफाई से लेकर चिकित्सा तक सभी व्यवस्थाएँ दुरुस्त करने के आदेश
फर्रुखाबाद: आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री (Chief Minister) सामूहिक विवाह समारोह (mass marriage) को लेकर मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने तैयारी समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर और मानकों के अनुरूप पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि विवाह स्थल पर लगाए जाने वाले पंडाल के लिए अग्निशमन विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग से एनओसी अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। उन्होंने अग्निशमन विभाग को कार्यक्रम स्थल पर फायर टेंडर लगाने, वहीं नगर पालिका को सफाई, पानी के टैंकर और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को विवाह स्थल पर मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को पंडाल की वायरिंग जांचने, जबकि पीडब्ल्यूडी को मंच की स्ट्रेंथ और सुरक्षा मानक परखने के आदेश दिए गए। ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था बनाने को कहा गया।समाज कल्याण अधिकारी को फोटोग्राफी, ड्रोन कवरेज, नाश्ते-खाने और सामग्री वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर लगाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि सामूहिक विवाह एक महत्वपूर्ण सरकारी योजना है, अतः लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।


