32.4 C
Lucknow
Wednesday, March 11, 2026

चैत्र अष्टमी पर शीतला माता मंदिर में उमड़ी आस्था, हजारों भक्तों ने किए दर्शन

Must read

फर्रुखाबाद: चैत्र माह की अष्टमी के पावन अवसर पर जनपद के बढ़पुर स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और भक्तों ने माता शीतला के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु
चैत्र अष्टमी के अवसर पर फर्रुखाबाद ही नहीं बल्कि आसपास के कई जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने माता शीतला के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर में “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंदिर ट्रस्ट ने की शानदार व्यवस्थाएं
मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सचिन कटिहार के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। दर्शन के लिए बैरिकेडिंग कर सुव्यवस्थित लाइनें बनवाई गईं ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही पेयजल, प्रसाद वितरण और साफ-सफाई की भी बेहतर व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में स्वयंसेवक लगातार व्यवस्था संभालते रहे और श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन कराते रहे।
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए। पुलिस और ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने मिलकर भीड़ को नियंत्रित किया, जिससे श्रद्धालुओं को आराम से माता के दर्शन हो सके।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सचिन कटियार ने बताया कि चैत्र अष्टमी पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए ट्रस्ट की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर दी गई थीं, ताकि किसी भी भक्त को कोई असुविधा न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article