फर्रुखाबाद।
जनपद के कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में एक बार फिर दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। लोको रोड स्थित एक युवक पर दिनदहाड़े हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोको रोड फतेहगढ़ निवासी अभिषेक प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय विजयपाल सिंह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रहे थे। तभी अचानक वहां विक्रम सिंह गहलवार निवासी दुर्गा कॉलोनी अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पहुंचा। बिना किसी पूर्व विवाद के ही आरोपियों ने अभिषेक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
हमले के दौरान अभिषेक को जमीन पर गिरा दिया गया, जिसके बाद आरोपियों ने लात-घूसों से जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अभिषेक को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह बुरी तरह सहम गया। किसी तरह वह खुद को बचाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन आरोपी विक्रम सिंह ने उसका मुंह पकड़कर उसे धक्का दे दिया।
इसी दौरान मौके पर पहुंचे रिशु यादव पुत्र सुरेंद्र सिंह ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और अभिषेक को हमलावरों से बचाया। स्थानीय लोगों के जुटने की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर दहशत फैलाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी विक्रम सिंह गहलवार सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोको रोड पर दबंगों का कहर, युवक पर लाठी-डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी


