उन्नाव। शहर के प्रमुख धवन रोड बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। नगर पालिका परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्थाई कब्जों के साथ-साथ अवैध पक्के निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि धवन रोड बाजार मार्ग पर दुकानदारों द्वारा लंबे समय से अस्थाई अतिक्रमण किया गया था, जिससे आए दिन विवाद, मारपीट और हंगामे की स्थिति बनी रहती थी। राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
प्रशासन ने पूर्व में चेतावनी देने के बाद कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। बुलडोजर चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदारों ने विरोध भी किया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और दुकानदारों के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने अभियान जारी रखा और अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरा किया।
अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह पूरी कार्रवाई सदर कोतवाली क्षेत्र के धवन रोड बाजार में की गई, जहां अब यातायात व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, धवन रोड बाजार में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई


