41.8 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

कोसी नदी में पलटी नाव, चार किसान लापता, सात लोगो ने तैरकर बचाई जान

Must read

दरभंगा: दरभंगा (Darbhanga) जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनरी ढलान के समीप बुधवार को कोसी नदी (Kosi River) में एक बड़ा नाव हादसा हो गया। खेतों की ओर जा रहे किसानों से भरी नाव (Boat) अचानक नदी की तेज धारा में असंतुलित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में चार किसान लापता हो गए हैं, जबकि सात लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नाव पर कुल 11 लोग सवार थे। सभी नदी पार कर अपने खेतों में मूंग की फसल तोड़ने के लिए जा रहे थे। नाव में अधिकांश महिलाएं भी सवार थीं। नदी के बीच पहुंचने पर अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि तेज बहाव के कारण नाव में पानी भरने लगा और देखते ही देखते वह नदी में डूब गई।

नाव डूबते ही उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। सात लोग किसी तरह तैरकर नदी किनारे पहुंचने में सफल रहे, लेकिन चार लोग तेज धारा में बह गए। काफी देर तक स्थानीय लोग अपने स्तर से उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF समेत अन्य बचाव दलों को लगाया गया है। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हादसे की जानकारी मिलते ही बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) शशांक राज तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से भी खोजबीन अभियान चला रहा है।

प्रशासन का कहना है कि नदी में लापता लोगों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी लापता व्यक्ति का पता नहीं चल पाया था। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि सर्च अभियान के जरिए जल्द ही लापता लोगों का सुराग मिल सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article