– कभी सदर विधायक के अति करीबियों में रहे शुमार
फर्रुखाबाद की राजनीति में एक वीडियो वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा से जुड़े बताए जा रहे नेता दीपक दुबे पर लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो और ऑडियो क्लिप को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है।
आरोप है कि लोकसभा चुनाव के दौरान दीपक दुबे ने अपनी रिश्तेदारी और परिचितों में फोन कर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी नवल किशोर शाक्य के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। साथ ही भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को वोट न देने की बात भी कही गई थी।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद भाजपा समर्थकों का एक वर्ग खुलकर नाराजगी जता रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा में रहते हुए विरोधी दल के प्रत्याशी का समर्थन करना संगठन और विचारधारा दोनों के खिलाफ है। वहीं कुछ लोग इसे पुरानी राजनीतिक रंजिश और आपसी विवाद से जोड़कर भी देख रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि हाल में हुए एक छोटे विवाद के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से उछाला गया और अब इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। हालांकि अभी तक दीपक दुबे की ओर से वायरल वीडियो और आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा के अंदरूनी समीकरणों और चुनावी निष्ठा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


