लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी का नया भव्य प्रदेश कार्यालय राजधानी लखनऊ के जियामऊ इलाके में बनाया जाएगा। लगभग 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में निर्माण समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में भवन के स्वरूप, सुविधाओं और समय-सीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
नए प्रदेश कार्यालय में आधुनिक सुविधाओं से लैस चार से पांच बड़े मीटिंग हॉल तैयार किए जाएंगे, ताकि पार्टी की विभिन्न इकाइयों की बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम एक साथ आयोजित हो सकें। इसके अलावा लगभग 1000 लोगों की क्षमता वाला विशाल प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) भी बनाया जाएगा, जिसमें बड़े कार्यक्रम, सम्मेलन और कार्यशालाएं हो सकेंगी।
भवन परिसर में आने वाले नेताओं-अतिथियों के लिए गेस्ट हाउस की भी सुविधा रहेगी। पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए भवन के बेसमेंट में बड़े पैमाने पर पार्किंग एरिया विकसित किया जाएगा, जिससे सैकड़ों वाहनों की पार्किंग संभव हो सके।
भाजपा का यह नया कार्यालय लखनऊ के जियामऊ क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जहां से प्रदेशभर की संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन और समन्वय अधिक सुदृढ़ रूप से किया जा सकेगा। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि नया कार्यालय संगठन को और अधिक मजबूत, तकनीकी रूप से सक्षम तथा आधुनिक ढांचे से लैस करेगा।





