लखनऊ
प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फैली “महा विद्युत आपदा” के लिए पूरी तरह भाजपा सरकार जिम्मेदार है और जनता अगले चुनाव में भाजपा को “धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शुक्र है मुख्यमंत्री ने अब तक बिजली संकट के पीछे “दिल्ली वालों के भेजे दूत” की साजिश का आरोप नहीं लगाया।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री के रिश्तों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह साफ किया जाए कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते। अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर दोनों साथ बैठते हैं तो मुख्यमंत्री एक तस्वीर साझा कर दें, ताकि जनता को उनकी “आपसी गर्मी” से ही कुछ राहत मिल जाए, क्योंकि दोनों को कभी साथ नहीं देखा गया।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने दस वर्षों में बिजली विभाग को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने न कोई नया बिजली कारखाना लगाया और न बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए। भाजपा सरकार सिर्फ मीटर बदल-बदलकर जनता से वसूली करती रही और अब प्रदेशभर में लोग घंटों की कटौती से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जगह-जगह जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही है, लेकिन सरकार बिजली देने के बजाय “कुतर्क” कर लोगों को गुमराह करने में लगी है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा राज में हालात इतने खराब हैं कि बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और भाजपा के विधायक-सांसद खुद अपनी सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं ताकि जनता के गुस्से से बच सकें। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “भाजपा में अब करेंट नहीं बचा” और प्रदेश की जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।


