लखनऊ।बंथरा थाना क्षेत्र स्थित खांडेदेव गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की हालत में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
आरोप है कि बड़े भाई ने गुस्से और नशे की हालत में लोहे की रॉड से छोटे भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपी नशे में था और मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे की लत किस तरह परिवार और समाज को बर्बादी की ओर धकेल रही है।
बंथरा के खांडेदेव गांव में भाई ने भाई की ली जान, नशे में वारदात


