कायमगंज/फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच कायमगंज की नवीन मंडी स्थल में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि यहां पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी दम तोड़ चुकी हैं। लंबे समय से सामुदायिक शौचालय पर ताला लटका हुआ है, वहीं अधिकांश हैंडपंप और नल खराब पड़े हैं, जिससे मंडी आने वाले किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी परिसर में पानी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि लगे हुए अधिकतर नल पानी नहीं दे रहे हैं और कई हैंडपंप महीनों से खराब पड़े हैं। कुछ हैंडपंप तो अपनी जगह से ही गायब हो चुके हैं, लेकिन उनकी मरम्मत या पुनर्स्थापना की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। गर्मी के इस मौसम में पीने के पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
वहीं, मंडी में बना सामुदायिक शौचालय भी पूरी तरह बेकार साबित हो रहा है। वर्षों से उस पर ताला लटका होने के कारण महिलाओं, किसानों और व्यापारियों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे असुविधा के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं। इस स्थिति को लेकर लोगों में गहरा रोष है।
स्थानीय व्यापारियों शानू, रफी खां, हुज़ेफ खान और भाई मियां सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से शौचालय का ताला खुलवाया जाए और खराब पड़े हैंडपंपों व नलों को जल्द दुरुस्त कराया जाए। उनका कहना है कि मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का अभाव प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है।
नवीन मंडी में मूलभूत सुविधाएं ठप: शौचालय पर ताला, खराब हैंडपंपों से व्यापारी-किसान परेशान


