यूथ इंडिया | बरेली
बरेली में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाले मामलों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने लापरवाह और विवादित दरोगाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। SSP के इस एक्शन से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक फरीदपुर थाना में तैनात रीलबाज दरोगा शुभम सोम को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर लगातार रील बनाने और अनुशासनहीनता को लेकर उन पर कार्रवाई की गई है।
वहीं एसआई शुभम चौधरी को गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया। उन पर 50 हजार रुपये लेकर आरोपी को छोड़ने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत और जांच के बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंशन की कार्रवाई की।
इसके अलावा एसआई चंद्रपाल को भी निलंबित किया गया है। बताया जा रहा है कि एक महिला की शिकायत पर समय से कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने के आरोप में यह कदम उठाया गया।
SSP अनुराग आर्य ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता की शिकायतों में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को सख्त प्रशासनिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।


