फर्रुखाबाद| राजेपुर थाना क्षेत्र के कुतलुपुर गांव के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक बाइक सवार पर अचानक एक दर्जन से अधिक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों के इस अचानक हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार अमृतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक अपनी बाइक से किसी काम से फर्रुखाबाद जा रहा था। राजेपुर थाना क्षेत्र के कुतलुपुर गांव के पास वह कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुका हुआ था। इसी दौरान आसपास मौजूद बंदरों का एक झुंड अचानक उस पर टूट पड़ा। बंदरों ने युवक को घेरकर नोचना शुरू कर दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना होते ही मौके से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह शोर मचाकर और पत्थर फेंककर बंदरों को भगाया, जिसके बाद घायल युवक को उनके चंगुल से छुड़ाया जा सका। इसके तुरंत बाद 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई। एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने पर घायल युवक को प्राथमिक उपचार देते हुए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल युवक का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर पर बंदरों के काटने और नोचने के कई गंभीर घाव हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अमित वर्मा ने बताया कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने सड़क किनारे बढ़ते बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
बाइक सवार पर बंदरों का कहर, दर्जनभर बंदरों के हमले में युवक गंभीर घायल


